देहरादून।
उत्तराखंड में आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 167 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) की नियुक्ति की गई है। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।
वर्तमान व्यवस्था के अनुसार प्रदेश में 70 विधानसभा क्षेत्रों में एसडीएम स्तर के 70 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) तथा तहसीलदार स्तर के 268 AERO पहले से तैनात हैं। अब 167 नए AERO की नियुक्ति के बाद प्रदेश में कुल 435 AERO आगामी SIR प्रक्रिया को संपादित करेंगे, जिससे मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जा सकेगा।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त किए गए ये अतिरिक्त AERO केवल आगामी SIR के लिए ही तैनात किए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, चकबन्दी अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को शामिल किया गया है। इससे मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन से जुड़ी प्रक्रिया को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकेगा।
इसके साथ ही बूथ लेवल ऑफिसरों (BLO) को “बीएलओ आउटरीच अभियान” के तहत मतदाताओं से सीधे संपर्क, समन्वय और संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। ईआरओ और एईआरओ इस अभियान के अंतर्गत बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे, ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल किया जा सके।
प्रदेश के सभी 13 जिलों में नए AERO तैनात किए गए हैं। इनमें उत्तरकाशी में 11, चमोली में 20, रुद्रप्रयाग में 8, टिहरी गढ़वाल में 12, देहरादून में 13, हरिद्वार में 19, पौड़ी गढ़वाल में 20, पिथौरागढ़ में 14, बागेश्वर में 3, अल्मोड़ा में 12, चम्पावत में 6, नैनीताल में 11 तथा ऊधमसिंह नगर में 18 अतिरिक्त AERO शामिल हैं।

निर्वाचन आयोग के इस कदम से प्रदेश में आगामी SIR प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी और मतदाता सूची को अधिक सटीक व अद्यतन बनाने में मदद मिलेगी।







