नैनीताल।
आगामी क्रिसमस एवं 31 दिसंबर के मद्देनज़र नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिलेभर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

एसएसपी द्वारा सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित डाइवर्जन प्वाइंट्स पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, ट्रैफिक डाइवर्जन प्लान का सख्ती से पालन कराने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इन आदेशों के अनुपालन में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में सीओ नैनीताल श्री रविकांत सेमवाल ने नैनीताल शहर के सभी प्रमुख डाइवर्जन प्वाइंट्स एवं पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान शहर में प्रवेश एवं निकासी मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक डाइवर्जन प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना प्रभारियों को डाइवर्जन प्वाइंट्स पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शहर की परिधि एवं आउटर एरिया में स्थित विभिन्न पार्किंग स्थलों की वाहन पार्किंग क्षमता का आंकलन किया गया। पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रूसी-2 से शटल सेवा भी प्रारंभ कर दी गई है।

वीकेंड के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों को वीकेंड ट्रैफिक प्लान का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र सभी सार्वजनिक स्थलों पर बीडीएस एवं डॉग स्क्वाड टीमों द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस मौके पर निरीक्षक यातायात वेद प्रकाश भट्ट, प्रभारी कोतवाली मल्लीताल दिनेश जोशी, थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नयाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नैनीताल पुलिस की इन तैयारियों से क्रिसमस एवं नववर्ष के अवसर पर शहर में आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आनंदमय वातावरण मिलने की उम्मीद है।







