बनभूलपुरा में वृहद सत्यापन अभियान — क्षेत्र को 4 सेक्टर में बाँटकर चला सघन ऑपरेशन
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के कड़े निर्देश पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
हल्द्वानी/बनभूलपुरा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के कड़े निर्देशों के तहत बनभूलपुरा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने व सघन सत्यापन अभियान को तेज कर दिया गया है। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस ने पूरे क्षेत्र को चार सेक्टरों में विभाजित करते हुए बड़े पैमाने पर यह अभियान चलाया।
अभियान का नेतृत्व एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल द्वारा किया गया। साथ ही सभी राजपत्रित अधिकारियों और पुलिस टीमों को संबंधित सेक्टरों में तैनात किया गया।
सेक्टर प्रभारी
श्रीमती दीपशिखा, अपर पुलिस अधीक्षक, लालकुआं
श्री अमित कुमार, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी
श्री सुमित पांडे, क्षेत्राधिकारी रामनगर
श्री रविकांत सेमवाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल

इन सभी अधिकारियों के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की तैनाती कर क्षेत्र में व्यापक सत्यापन, सघन चेकिंग, अतिक्रमण निराकरण, तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। साथ ही बीडीएस टीम द्वारा भी लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के प्रमुख क्षेत्र
इंदिरा नगर, बड़ी रोड, छोटी रोड, शनिवार बाजार, ढोलक बस्ती, रेलवे स्टेशन हल्द्वानी, गफूर बस्ती, लाइन नंबर 17/18, एवं चोरगलिया रोड स्थित लाइन नंबर 1 से 16 तक।

पुलिस टीम द्वारा अवैध अतिक्रमणों पर प्रभावी कार्रवाई, संदिग्ध व्यक्तियों व किरायेदारों का सत्यापन, आपराधिक गतिविधियों पर रोक और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान लगातार जारी है।
पुलिस की अपील
जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।









