हल्द्वानी — मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के दौरे पर युवा कांग्रेस का उग्र विरोध, पुलिस से धक्का-मुक्की के बीच कई कार्यकर्ता गिरफ्तार

हल्द्वानी।
शहर में गरीबों के मकानों पर लाल निशान लगाने, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, नशे के कारोबार, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, ठेला-फ़ड़ वालों के उत्पीड़न और बढ़ते भ्रष्टाचार जैसे अहम मुद्दों को लेकर आज युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन युवा कांग्रेस नेता हेमन्त साहू की अगुवाई में हुआ, जिसमें कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हल्द्वानी दौरे का तीखा विरोध जताया।

तिकोनिया चौराहे पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जबरदस्त धक्का-मुक्की और बहस देखने को मिली। स्थिति नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई। विरोध के बीच पुलिस ने हेमन्त साहू समेत अन्य कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर आरटीओ चौकी ले जाया गया।
आरटीओ चौकी ले जाने के बाद पुलिस ने हेमन्त साहू पर ₹250 का नगद चालान किया। इस पर कड़ी नाराज़गी जताते हुए हेमन्त साहू ने इसे ‘लोकतंत्र की हत्या’ करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार पुलिस के सहारे जनता की आवाज दबाने का काम कर रही है। साहू ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के लगातार दौरों की वजह से स्कूल के बच्चों सहित आम नागरिकों को भारी जाम का सामना करना पड़ता है।
साहू ने चालान की राशि देने से स्पष्ट इनकार कर दिया।
वहीं, पार्षद प्रीति आर्या ने कहा कि राजपुरा समेत कई क्षेत्रों में मकानों पर लाल निशान लगा दिए गए हैं, जिससे लोग डर के माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की इस कार्रवाई से गरीब परिवार अत्यंत परेशान हैं।

गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं में
पार्षद प्रीति आर्या, कमला आर्या, साहिल राज समेत अन्य युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।







