वीकेंड पर कैंची धाम में यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद, ग्राउंड जीरो पर उतरे अधिकारी

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में लागू किया गया ट्रैफिक प्लान, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवा और स्टीकर व्यवस्था जारी
नैनीताल। वीकेंड पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। 10 और 11 अक्टूबर को श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा और सुरक्षित दर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए राजपत्रित अधिकारी ग्राउंड जीरो पर उतरकर यातायात संचालन का जायजा ले रहे हैं।

एसपी क्राइम एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी कार्यालय एवं संचार रेवाधर मठपाल और एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंश सिंह सहित सभी क्षेत्राधिकारी और संबंधित थाना प्रभारी मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों को यातायात सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराया जा रहा है। पार्किंग स्थलों से कैंची धाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए शटल सेवा भी संचालित की जा रही है। इसके साथ ही यातायात प्लान, पार्किंग स्थलों और शटल सेवा की जानकारी अनाउंसमेंट के माध्यम से पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को दी जा रही है।

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रवेश बिंदुओं पर वाहनों पर स्टीकर लगाने की व्यवस्था भी जारी है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ यातायात का संचालन कर रहे हैं, जबकि अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

नैनीताल पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुगम यात्रा, सुरक्षित दर्शन और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। वीकेंड के दौरान यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार मुस्तैद है।







