हल्द्वानी में IANETL-2026 का धमाकेदार आयोजन, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने की शिरकत

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

नर्सिंग शिक्षा में नवाचार और आधुनिक तकनीक पर मंथन, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने की शिरकत

IANETL-2026 के दूसरे दिन विशेषज्ञों ने साझा किए विचार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

हल्द्वानी, 10 अक्टूबर। एमआईईटी कुमाऊँ कॉलेज ऑफ नर्सिंग, हल्द्वानी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन IANETL-2026 के दूसरे दिन नर्सिंग शिक्षा में नवाचार, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, आपातकालीन रोगी देखभाल और डिजिटल तकनीक की भूमिका पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए। दिनभर चले शैक्षणिक सत्रों के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में विद्यार्थियों ने नृत्य, रैंप वॉक और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा। कार्यक्रम में भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा भी शामिल हुए।

सम्मेलन की शुरुआत दीप प्रज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद आयोजित व्याख्यान सत्रों में देश-विदेश से जुड़े विशेषज्ञों ने नर्सिंग शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण से जोड़ने पर जोर दिया।

अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के इंस्ट्रक्टर एवं पारुल यूनिवर्सिटी, वडोदरा के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. स्वप्निल विट्ठल रहाणे ने ‘द गोल्डन मिनट्स: अंडरस्टैंडिंग एडल्ट बेसिक लाइफ सपोर्ट एंड द चेन ऑफ सर्वाइवल’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराने और बेसिक लाइफ सपोर्ट की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

इसके बाद कुवैत स्थित सीसीएन हेल्थ एश्योरेंस हॉस्पिटल के नर्सिंग सुपरवाइजर ने केस स्टडी आधारित शिक्षण पद्धतियों के महत्व पर जानकारी दी। वहीं, अमृता कॉलेज ऑफ नर्सिंग, फरीदाबाद की प्राचार्य डॉ. लेखा विश्वनाथ ने दक्षता-आधारित शिक्षा को नर्सिंग विद्यार्थियों के व्यावसायिक कौशल और गुणवत्तापूर्ण रोगी देखभाल के लिए महत्वपूर्ण बताया।

सम्मेलन में उत्तराखंड काउंसिल फॉर बायोटेक्नोलॉजी के वरिष्ठ वैज्ञानिकों डॉ. कंचन कर्क, डॉ. मनिंदर मोहन और डॉ. सुमित पुरोहित को सम्मानित किया गया। उन्हें एमआईईटी कुमाऊँ के निदेशक डॉ. तरुण कुमार सक्सेना, शेखर सुंथा तथा एसीआईसी देवभूमि फाउंडेशन के सीईओ डॉ. कमल सिंह रावत ने सम्मानित किया।

मेडांता में प्रशिक्षण एवं विकास विभाग के एएनएस हेड हिमांशु जोशी ने विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने समस्या-आधारित, केस-आधारित और टीम-आधारित शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों की निर्णय क्षमता तथा व्यावहारिक दक्षता विकसित करने पर जोर दिया। वहीं, यूनाइटेड किंगडम के एनएचएस वेल्स में कार्यरत पंजीकृत मानसिक स्वास्थ्य नर्स अर्नेस्ट लैमुएल ने डिजिटल युग में नर्सिंग शिक्षा के भविष्य और सैद्धांतिक ज्ञान को क्लिनिकल अभ्यास से जोड़ने की आवश्यकता पर चर्चा की।

सांस्कृतिक संध्या में शामिल हुए केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा

शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने शिरकत की। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। एमआईईटी कुमाऊँ के प्रबंध निदेशक डॉ. बी.एस. बिष्ट ने मंत्री का स्वागत एवं सम्मान किया।

अपने संबोधन में अजय टम्टा ने उत्तराखंड और कुमाऊँ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और विशिष्ट पहचान पर प्रकाश डाला। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में बेहतर सड़क संपर्क, आधारभूत ढांचे और नई सड़क परियोजनाओं की भूमिका पर विचार रखे। साथ ही क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास का उल्लेख करते हुए अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज सहित चिकित्सा सेवाओं से जुड़ी उपलब्धियों पर चर्चा की।

सांस्कृतिक संध्या में विद्यार्थियों ने नृत्य, रैंप वॉक और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और प्रतिभागियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। इसके बाद रात्रिभोज के साथ दूसरे दिन के कार्यक्रमों का समापन हुआ।

IANETL-2026 का दूसरा दिन शैक्षणिक विमर्श, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक सहभागिता के नाम रहा। सम्मेलन का अंतिम दिन 11 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई