प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित हुआ ‘आंगन का मिलन सम्मेलन’

भाजपा की आसमा बेगम रहीं मुख्य अतिथि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित
हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन सम्मेलन’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आसमा बेगम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान गर्भवती महिलाओं, लाभार्थियों और अभिभावकों को मातृ एवं बाल कल्याण से जुड़ी केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना, नंदा गौरा योजना और मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। महिलाओं को योजनाओं के लाभ और उनके लिए निर्धारित प्रक्रियाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों से संवाद किया गया और उनके विचार सुने गए। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं अभिभावकों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा।

मुख्य अतिथि भाजपा की आसमा बेगम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही बच्चों को उपहार भी वितरित किए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में लाभार्थी महिलाओं एवं अभिभावकों ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर वार्ड संख्या 25 एवं वार्ड संख्या 17 से 20 के आंगनबाड़ी केंद्रों से कार्यकर्ता आदिबा, साहिल और गजाला तथा सुपरवाइजर हेमा जोशी मौजूद रहीं। वहीं, वार्ड संख्या 22 एवं वार्ड संख्या 8 से 13 के केंद्रों से कार्यकर्ता नाजिश, साहिका और जाकरा तथा सुपरवाइजर वसुंधरा गुंजियाल शामिल हुईं। इसके अलावा वार्ड संख्या 22 एवं वार्ड संख्या 8 से 13 के अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों से कार्यकर्ता आसमा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के तहत महिलाओं और बच्चों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया।







