हल्द्वानी में ‘आंगन का मिलन सम्मेलन’ आयोजित, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आंगन का मिलन सम्मेलन आयोजित, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित

हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत हल्द्वानी के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन सम्मेलन’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और अभिभावकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा बच्चों को उपहार वितरित किए गए।

 

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गुंजन सड़ाना, अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा नगर हल्द्वानी, आसमा बेगम, भाजपा नेता, प्रताप रैकवार, जिला मंत्री, तथा हर्ष राजा, अध्यक्ष युवा मोर्चा नगर हल्द्वानी सहित अन्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए महिला एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला गया।

सम्मेलन में गर्भवती महिलाओं, लाभार्थियों और अभिभावकों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना, नंदा गौरा योजना और मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं को इन योजनाओं के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया, ताकि जरूरतमंद परिवार सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों से संवाद कर उनके विचार भी सुने गए। आयोजकों ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सर्वांगीण विकास के साथ-साथ महिलाओं को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित

मुख्य अतिथि गुंजन सड़ाना और आसमा बेगम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पण और सेवाभाव की सराहना करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही बच्चों को उपहार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थी महिलाओं और अभिभावकों ने जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में वार्ड नंबर 26, नई बस्ती बनभूलपुरा के तृतीय केंद्र से कार्यकर्ता नाज़रीन एवं सहायिका शाहीन कौसर तथा चतुर्थ केंद्र से कार्यकर्ता सीमा एवं सहायिका नेहा अंसारी उपस्थित रहीं।

इसी क्रम में वार्ड नंबर 32, इंदिरा नगर पश्चिमी के प्रथम केंद्र से कार्यकर्ता बिना साहू, द्वितीय केंद्र से कार्यकर्ता रेशमा परवीन एवं सहायिका ज़ेबा और चतुर्थ केंद्र से कार्यकर्ता रीनू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं और अभिभावकों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने, बच्चों के पोषण एवं विकास को बढ़ावा देने और आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ सामुदायिक सहभागिता मजबूत करने का संदेश दिया गया।

रॉयल न्यूज़ उत्तराखंड

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई