चोरगलिया में सीएम धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, 9.93 करोड़ के शेर नाला पुल का किया लोकार्पण

हल्द्वानी/चोरगलिया, 16 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को नैनीताल जिले के भ्रमण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे। यहां हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा विभिन्न जनसमस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

शेर नाला पर 120 मीटर डबल लेन पुल का लोकार्पण
जनसमस्याएं सुनने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में नवनिर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया। पुल के निर्माण पर 993 लाख रुपये यानी करीब 9.93 करोड़ रुपये की लागत आई है।

मानसून के दौरान शेर नाला के उफान पर आने से इस मार्ग पर अक्सर आवागमन बाधित हो जाता था। पानी का स्तर बढ़ने पर क्षेत्रवासियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। अब नए पुल के शुरू होने से बरसात के मौसम में आवागमन सुचारु रहने की उम्मीद है। इससे स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ हल्द्वानी, चोरगलिया और सितारगंज मार्ग से आवाजाही करने वाले लोगों एवं पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी।

पुल के लोकार्पण के बाद क्षेत्रीय लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।





