पिथौरागढ़ जिले में बुधवार को मौसम साफ होने पर हेलीकॉप्टर सेवा दोबारा शुरू हो गई, जिससे यात्रियों को राहत मिली और उनका सफर आसान हुआ

पिथौरागढ़ जिले में आखिरकार मौसम का साथ मिलने पर बुधवार को हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। हवाई सेवा संचालित होने से यात्रियों को राहत मिली और उनका सफर आसान हुआ। हेलीकॉप्टर के उड़ान भरते ही यात्री खुश नजर आए। दरअसल पिथौरागढ़ से हल्द्वानी, अल्मोड़ा और मुनस्यारी मार्ग पर रोजाना हेलीकॉप्टर सेवा संचालित होती है। यह सेवा यात्रियों के साथ ही पर्यटकों को भी भा रही है। यही कारण है कि रोजाना हवाई सेवा की बुकिंग फुल हो रही है।

यात्री और पर्यटक इन रूटों पर आसान और सुगम सफर कर रहे हैं। मौसम में खराबी के चलते हेलीकॉप्टर सेवा बीते तीन दिनों से बंद थी। हल्द्वानी से हेलीकॉप्टर के पिथौरागढ़ के लिए उड़ान न भरने से अल्मोड़ा और मुनस्यारी रूट पर सेवा पर ब्रेक लगे थे।
बुधवार को मौसम का साथ मिलने पर हेलीकॉप्टर चौथे दिन यात्रियों को लेकर नैनीसैनी एयरपोर्ट पहुंचा। वहीं अल्मोड़ा और मुनस्यारी रूट पर हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी तो यात्रियों को राहत मिली। बता दें कि पिछले तीन दिनों से हेलीकॉप्टर की बुकिंग कैंसिल होने से यात्रियों को निराश होकर टैक्सी या रोडवेज बस से सफर करना पड़ रहा था।






