आंचल दुग्ध संघ की व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखीं डेयरी विकास निदेशक ईलागिरी, 84 करोड़ के प्लांट का किया निरीक्षण

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

दूध संग्रहण से लेकर पैकेजिंग तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, गुणवत्ता और समयबद्ध निर्माण पर दिया जोर


लालकुआं। उत्तराखंड डेयरी विकास विभाग की निदेशक ईलागिरी ने गुरुवार को नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुग्धशाला की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए दूध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता, पैकेजिंग और विपणन प्रणाली की समीक्षा की।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निदेशक को दुग्ध उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण, सहकारी व्यवस्था तथा दुग्ध उत्पादक किसानों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी दी। ईलागिरी ने आंचल दुग्ध संघ में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों, गुणवत्ता मानकों और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन पर संतोष व्यक्त किया।


उन्होंने विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर दूध की गुणवत्ता जांच, प्रसंस्करण प्रक्रिया, पैकेजिंग, तैयार उत्पादों के भंडारण एवं वितरण व्यवस्था का भी जायजा लिया। साथ ही उत्पादन क्षमता, उत्पादों की मांग और भविष्य की विस्तार योजनाओं की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
इसके बाद निदेशक ने लगभग 84 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता तथा तकनीकी मानकों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि प्लांट के पूर्ण होने के बाद दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे दुग्ध उत्पादक किसानों को बेहतर विपणन सुविधा मिलने के साथ उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।


निदेशक ईलागिरी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि इसका लाभ जल्द से जल्द किसानों और उपभोक्ताओं तक पहुंच सके।


निरीक्षण के दौरान नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी प्रशासन एवं विपणन संजय सिंह भाकुनी, प्रभारी कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, प्रभारी उपार्जन सुभाष बाबू, प्रभारी अभियंत्रण राजू दुम्का, प्रभारी गुणवत्ता नियंत्रण आर.सी. आर्या, प्रभारी स्टोर खलील अहमद, प्रभारी यातायात पूरन चंद्र मिश्रा, प्रभारी एमआईएस कमलेश कुमार, दिनेश कुलौरा, विपिन तिवारी, कमल गरवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment