महिला से अभद्रता और धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, वायरल वीडियो के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई

हल्द्वानी। टीपी नगर क्षेत्र की नीलांचल कॉलोनी (फेज-6, डहरिया) में एक महिला से अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का धमकी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को दोपहर 1:30 बजे एक डिलीवरी बॉय पता पूछने के लिए पीड़िता के घर पहुंचा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सलीक अली पुत्र आफताब हुसैन ने बिना किसी कारण महिला के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और आपत्तिजनक इशारे किए। विरोध करने पर आरोपी लकड़ी लेकर मारने दौड़ा तथा महिला को जान-माल और सम्मान को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले भी कई बार उसके और उसकी बेटी के साथ अभद्रता व छेड़छाड़ जैसी हरकतें कर चुका है। घटना के बाद आरोपी का एक धमकी भरा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

महिला की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 238/2026 धारा 79, 351(3) एवं 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी सलीक अली को धारा 172 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से कानून अपने हाथ में न लेने और किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।






