चोरगलिया में अवैध हथियारों का जखीरा बरामद, अंतर-जनपदीय तस्कर गिरफ्तार

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

08 तमंचे और 10 जिंदा कारतूस बरामद, एसएसपी ने पुलिस टीम को ₹2,500 का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की


हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसओजी और चोरगलिया पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतर-जनपदीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 08 अवैध तमंचे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।


पुलिस के अनुसार, एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित सैनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम 27 जून को एमवीआर गेट क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर गलफार गेट की ओर जाने वाले रास्ते के पास एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके बैग से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान रियासत पुत्र रईस अहमद (30 वर्ष) निवासी ग्राम नकुलिया, थाना सितारगंज, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 30/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।


बरामदगी
02 देशी तमंचे (12 बोर) व 06 जिंदा कारतूस
06 देशी तमंचे (315 बोर) व 04 जिंदा कारतूस
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास, हथियारों के स्रोत तथा सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।


इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक निधि शर्मा, उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन (प्रभारी एसओजी), हेड कांस्टेबल कुन्दन सिंह कठायत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, कांस्टेबल भूपेन्द्र ज्येष्ठा, कांस्टेबल भारत भूषण एवं कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह शामिल रहे।

इस उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम को ₹2,500 के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की।

Leave a Comment