NEET री-एग्जाम को लेकर एक्शन में SSP मंजूनाथ टी.सी., परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

हल्द्वानी, 21 जून।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET (यूजी) पुनर्परीक्षा रविवार को जनपद नैनीताल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सतर्क निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा रही है। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं मैदान में उतरकर विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।


एसएसपी ने हल्द्वानी स्थित एमबीपीजी कॉलेज, खालसा नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज तथा राजपुरा गवर्नमेंट इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटीरत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।


परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल (CAPF) की तैनाती की गई है। परीक्षार्थियों की प्रवेश से पूर्व डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से सघन जांच की जा रही है। वहीं मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।


पुलिस की एलआईयू, साइबर टीम और एसओजी भी लगातार सक्रिय रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। परीक्षा केंद्रों के भीतर CCTV कैमरों एवं वीडियो निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है, जबकि सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं।


इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर भी पुलिस की विशेष निगरानी बनी हुई है।


इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि, “परीक्षा की निष्पक्षता, शुचिता और पारदर्शिता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। नैनीताल पुलिस हर स्थिति से निपटने और सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल प्रदान करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।”


— रिपोर्ट : रॉयल न्यूज़ उत्तराखंड

Leave a Comment