
आगामी 15 जून 2026 को आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम मेला एवं विशाल भण्डारे के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर मंगलवार को पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस कार्यालय हल्द्वानी के सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.पी. बाजपेयी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक में मेला अवधि के दौरान यातायात व्यवस्था, पार्किंग, शटल सेवा संचालन, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, सूचना एवं संचार व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में तय किया गया कि कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए हल्द्वानी और काठगोदाम क्षेत्र में विशेष यातायात योजना लागू की जाएगी। पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण कर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था की जाएगी तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवाओं का संचालन किया जाएगा।

इसके अलावा भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। बाहरी जनपदों एवं राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन हेतु सूचना एवं सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य, अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने, अनधिकृत पार्किंग एवं अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में एसडीएम हल्द्वानी मोनिका, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, आरटीओ विभाग, यूटीसी, रेलवे, आरपीएफ, जीआरपी, यातायात पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग करते हुए अपनी-अपनी तैयारियों एवं कार्ययोजनाओं की जानकारी दी और मेले के सफल आयोजन हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रशासन एवं पुलिस का लक्ष्य है कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र श्री कैंची धाम मेले का आयोजन पूरी सुरक्षा, सुव्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए।






