
हल्द्वानी/लालकुआं। जनपद नैनीताल में अपराध और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नैनीताल पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक स्मैक तस्कर तथा एक कच्ची शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पहली कार्रवाई कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस ने की। प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान चोरगलिया रोड रेलवे फाटक के पास से मोहम्मद दानिश अंसारी (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 8.33 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 90/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसका आपराधिक इतिहास सामने आया है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में कोतवाली लालकुआं पुलिस ने बिंदुखत्ता क्षेत्र में चेकिंग के दौरान अमित कश्यप को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक प्लास्टिक के कट्टे में रखे 34 पाउच कच्ची शराब बरामद किए गए। पुलिस ने उसे सुभाष नगर बैरियर के सामने रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित खाली मैदान से पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सचिन कठैत के कहने पर शराब बेचता था और इसके बदले उसे प्रतिदिन एक हजार रुपये मिलते थे। पुलिस ने मामले में सचिन कठैत के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।






