
बाउंसरों और प्राइवेट गनरों का सत्यापन, हथियार जब्त
नैनीताल। शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोप में नामजद नरेश पाण्डे के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए उसके साथ घूम रहे बाउंसरों और प्राइवेट गनरों का सत्यापन किया। जांच के दौरान लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग का मामला सामने आने पर पुलिस ने हथियार जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को एक महिला ने कोतवाली मल्लीताल में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नरेश पाण्डे ने शादी का झांसा देकर उसके साथ अवैध संबंध बनाए। शिकायत के आधार पर कोतवाली मल्लीताल में मुकदमा अपराध संख्या 19/2026 धारा 351(2)/69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की विवेचना जारी है।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भवाली निवासी एक व्यक्ति कथित बाउंसरों और हथियारबंद लोगों के साथ घूमकर क्षेत्र में भय का माहौल बना रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए 19 मई 2026 को नरेश पाण्डे के साथ मौजूद बाउंसरों और प्राइवेट गनरों को कोतवाली भवाली बुलाकर सत्यापन, पूछताछ और हथियारों की जांच की गई।

जांच में सामने आया कि जसपुर निवासी लखविंदर सिंह द्वारा अपनी सुरक्षा के लिए लिए गए लाइसेंसी शस्त्र का उपयोग नरेश पाण्डे को सुरक्षा देने में किया जा रहा था। पुलिस ने इसे शस्त्र लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन मानते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत मुकदमा दर्ज कर हथियार जब्त कर लिया। साथ ही लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने की तैयारी की जा रही है।

इसके अलावा, विशेष नाग निवासी होशियारपुर (पंजाब) और मधुसूदन सिंह निवासी सिरौली (अल्मोड़ा) के खिलाफ धारा 172 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने सभी कथित बाउंसरों को राउंडअप कर पूछताछ की। जांच में पाया गया कि हथियारों और बाउंसरों के जरिए क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस ने साफ कहा कि अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के साथ हथियारबंद होकर घूमकर आतंक का माहौल बनाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

SSP नैनीताल का सख्त संदेश
एसएसपी नैनीताल ने कहा कि जिले में अवैध रूप से बाउंसरों, गुंडों और हथियारबंद लोगों के जरिए भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






