
स्थान: नैनीताल
जनपद नैनीताल में मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जिले के सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को सतर्क रहने और आपदा से निपटने के लिए पूर्ण तैयारी रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।

एसएसपी ने बताया कि भारी वर्षा के चलते जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भूस्खलन, पत्थर गिरने, जलभराव और सड़कों पर तेज बहाव (उफान) जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में पुलिस और एसडीआरएफ टीमों को जरूरी उपकरणों के साथ तैयार रहने और सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

आमजन और यात्रियों से अपील करते हुए एसएसपी ने कहा कि अनावश्यक यात्रा से बचें और विशेष रूप से पहाड़ी व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतें। उन्होंने लोगों को नदी-नालों के किनारे न जाने और तेज बहाव के दौरान सड़क पार करने से बचने की सलाह दी है। साथ ही यात्रा से पहले मौसम और यातायात की जानकारी लेने तथा वाहन धीमी गति से चलाने की अपील भी की गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।







