हल्द्वानी, 23 अप्रैल 2026:
हल्द्वानी न्यायालय परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक वारंटी ने दिनदहाड़े अधिवक्ताओं के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद वकीलों में भय का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।

जानकारी के अनुसार, वारंटी दिनेश सिंह रावत ने न्यायालय के कार्य दिवस के दौरान अधिवक्ता एस.डी. जोशी के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे अधिवक्ता चंद्रशेखर जोशी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया और उनकी जांघ में दांत से काट लिया, साथ ही हाथों पर नाखूनों से गंभीर खरोंचें पहुंचाईं।

घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य अधिवक्ताओं ने किसी तरह आरोपी को काबू कर न्यायालय परिसर से बाहर किया, लेकिन वह गेट के पास ही घूमता रहा और गाली-गलौज करता रहा। इसके बाद बार एसोसिएशन की सूचना पर भोटियापड़ाव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
इसी मामले को लेकर हल्द्वानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल से मुलाकात कर घटना की जानकारी दी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।

एसपी सिटी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए 24 अप्रैल से न्यायालय परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। अब जजी परिसर में बैरिकेडिंग के माध्यम से प्रवेश होगा, जहां पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी। साथ ही केवल अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मचारियों के वाहनों को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति होगी, अन्य वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

प्रतिनिधिमंडल में सचिव मोहन सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष ललित सिंह मेर, उप सचिव सुधांशु तिवारी, कोषाध्यक्ष गौरव कपूर, उप सचिव प्रेस वानु कब्डाल, सदस्य राकेश कुकरेती, एस.डी. जोशी व योगेश्वरी सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।







