SSP नैनीताल की बड़ी कार्रवाई: कोसी कैफे होमस्टे सीज, लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

रामनगर क्षेत्र में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कोसी कैफे होमस्टे को सीज कर दिया है और उसके लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति संबंधित प्राधिकारी को भेज दी है। यह कार्रवाई SSP नैनीताल के निर्देश पर एक गंभीर मामले में की गई।


पुलिस के अनुसार, दिनांक 18 अप्रैल 2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर थाना रामनगर में एफआईआर संख्या 115/2026 व 116/2026 धारा 140(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर गुमशुदा नाबालिगों की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर दोनों नाबालिगों को कोसी कैफे होमस्टे के कमरों से बरामद किया गया।


जांच में सामने आया कि मामले में संलिप्त अभियुक्तों के खिलाफ धारा 137(2), 64(1), 65(1) बीएनएस तथा 3/4 पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई बढ़ाई गई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया।


निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि होमस्टे संचालक द्वारा आगंतुक रजिस्टर में ठहरने वालों की एंट्री नहीं की गई थी और न ही उनकी पहचान संबंधी दस्तावेज लिए गए थे। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई।

विवेचना में पीड़िताओं, गवाहों और स्थानीय लोगों के बयानों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि होमस्टे मैनेजर भास्कर जोशी ने नाबालिगों के आगमन की कोई सूचना दर्ज नहीं की और आवश्यक दस्तावेज भी नहीं लिए। इससे स्पष्ट हुआ कि होमस्टे का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों और गंभीर अपराधों के लिए किया जा रहा था।
बताया गया कि उक्त होमस्टे का पंजीकरण जिला पर्यटन अधिकारी, नैनीताल द्वारा किया गया था, जबकि वर्तमान में इसका संचालन मो. अदनान द्वारा किया जा रहा था।


प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने होमस्टे को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया है और उसका लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति संबंधित प्राधिकारी को भेज दी है। साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment