एम0आई0ई0टी0 कुमाऊँ, हल्द्वानी द्वारा भारतीय शिक्षण मंडल के सहयोग से “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं इनोवेशन” विषय पर दो दिवसीय सिम्पोजियम का शुभारंभ 6 फरवरी 2026 को भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एन.सी. लोहानी रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. एन.सी. लोहानी, प्रबन्ध निदेशक डॉ. बी.एस. बिष्ट, निदेशक डॉ. तरुण सक्सेना एवं सी0ई0ओ0 डॉ. कमल रावत द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

मुख्य अतिथि प्रो. लोहानी ने अपने संबोधन में शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकें आज की अर्थव्यवस्था की दिशा तय कर रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ए0आई0 और नई तकनीकों के क्षेत्र में सक्रिय रूप से आगे बढ़ने का आह्वान किया।

दो दिवसीय सिम्पोजियम के अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर एक्सपर्ट टॉक, रिसर्च पेपर प्रेजेंटेशन, शिक्षकों के लिए विशेष रूप से डिजाइन की गई ए0आई0 कार्यशाला तथा इनोवेशन चैलेंज का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों से आए छात्र-छात्राएँ उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।

सिम्पोजियम के प्रथम दिवस में प्रो. आशुतोष शर्मा (उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय), डॉ. अभिनव शर्मा एवं डॉ. विभु जेटली (यूपीईएस, देहरादून) ने अपने व्याख्यानों के माध्यम से विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विभिन्न आयामों से अवगत कराया।

इस अवसर पर डॉ. अभिनव शर्मा को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट शोध कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि डॉ. शर्मा विगत दो वर्षों से विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल रहे हैं, जो उनकी अकादमिक उपलब्धियों को दर्शाता है।
कार्यक्रम में संस्थान के विभिन्न विभागों के संकाय सदस्य एवं प्रतिनिधि, जिनमें श्रीमती हेमा नेगी, श्री अनिल, श्रीमती सोनम भण्डारी, श्री चरनजीत सिंह सिधु, श्री आशुतोष पाण्डे, श्री विनोद बुढलाकोटी, श्री कृष्णा बेलवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सिम्पोजियम का प्रथम दिवस ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं तकनीकी नवाचार से परिपूर्ण रहा।







