अंकिता भंडारी मामले को लेकर हल्द्वानी में भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस के खिलाफ पुतला दहन

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

हल्द्वानी में भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस के खिलाफ पुतला दहन, अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भ्रामक राजनीति का आरोप


हल्द्वानी। आज दिनांक 04 जनवरी 2026, रविवार को भारतीय जनता पार्टी जिला नैनीताल के महिला मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा नैनीताल रोड स्थित बुद्ध पार्क में कांग्रेस पार्टी के विरोध में पुतला दहन किया गया। यह प्रदर्शन अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे कथित भ्रामक और तथ्यहीन आरोपों के विरोध में किया गया। निर्धारित समय पर भाजपा के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बुद्ध पार्क में एकत्र हुए और कांग्रेस विरोधी नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।

पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान भाजपा नैनीताल जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने कांग्रेस पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस पूरी तरह मुद्दा विहीन हो चुकी है और अंकिता भंडारी जैसे अत्यंत संवेदनशील एवं दुखद हत्याकांड पर भी ओछी और घृणित राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर निराधार आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।

जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार ने इस जघन्य अपराध में त्वरित, निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई करते हुए दोषियों को न्यायालय के माध्यम से आजीवन कारावास की सजा दिलाई है। यह निर्णय न्याय, सुशासन और कानून के राज का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब उसे न्याय की परिभाषा भी याद नहीं थी, जबकि आज वह झूठ, अफवाह और सोशल मीडिया के शोर के सहारे प्रदेश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की राजनीति से दिवंगत अंकिता भंडारी की आत्मा को भी ठेस पहुंच रही है।

भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि कांग्रेस के पास इस मामले से संबंधित कोई ठोस सबूत हैं, तो उन्हें सार्वजनिक बयानबाजी के बजाय न्यायालय में प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही इस हत्याकांड के सभी दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है और वे वर्तमान में जेल में बंद हैं।

पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा नैनीताल जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, नैनीताल विधानसभा विधायक सरिता आर्य, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, शंकर कोरंगा, जिला महामंत्री रंजन बर्गली एवं विनीत अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, प्रताप सिंह बोरा, प्रतिभा जोशी, काठगोदाम मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, पूर्व नगरपालिका हल्द्वानी महापौर जोगिंद्र पाल सिंह रौतेला, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कंचन उप्रेती, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष गणेश साह, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष रविंद्र बाली सहित मंडल, जिला एवं प्रदेश स्तर के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

— रिपोर्ट: रॉयल न्यूज़ उत्तराखंड

Leave a Comment