“मुखानी ज्वैलर्स चोरी का खुलासा, अंतर्राज्यीय गैंग के 4 शातिर गिरफ्तार”

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र स्थित राधिका ज्वैलर्स में हुई सनसनीखेज चोरी का नैनीताल पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने प्रेस वार्ता कर बताया कि इस बड़ी चोरी की घटना में शामिल अंतर्राज्यीय नकबजन गैंग के गैंग लीडर मकसूद समेत चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों के कब्जे से करीब 22 लाख रुपये के सोना-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं, जबकि चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी सीज कर दिया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 को राधिका ज्वैलर्स के संचालक नवनीत शर्मा ने थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने पड़ोसी दुकान की दीवार तोड़कर उनकी दुकान से 20–25 किलो चांदी, 300–400 ग्राम सोना और नकदी चोरी कर ली।

मामले में थाना मुखानी पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल व सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर संदिग्ध बोलेरो वाहन की पहचान की गई।

इसके बाद उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों और नेपाल बॉर्डर तक पुलिस टीमों ने लगातार दबिश दी।

अथक प्रयासों के बाद 4 जनवरी 2026 की सुबह पुलिस ने नेपाल बॉर्डर के पास बनबसा क्षेत्र से चारों अभियुक्तों को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गैंग लीडर मकसूद शेख के खिलाफ अन्य राज्यों में भी चोरी के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

एसएसपी नैनीताल ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना करते हुए सभी सदस्यों को 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Comment