स्वस्त्ययन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में फन फ्रोलिक फीस्ट का रंगारंग आयोजन

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

हल्द्वानी।
आज दिनांक 13 दिसंबर 2025 को स्वस्त्ययन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में “फन, फ्रोलिक, फीस्ट” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलन के साथ हुई। दीप प्रज्वलन मुख्य अतिथि श्रीमती दीपा वर्मा, प्रोफेसर एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी, श्रीमती विद्या कुमारी, प्रोफेसर महिला डिग्री कॉलेज हल्द्वानी, विद्यालय के प्रबंधक श्री बहादुर सिंह बिष्ट, उप-प्रधानाचार्या श्रीमती लवी शर्मा एवं समन्वयिका श्रीमती मुक्ता नेगी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

कार्यक्रम में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने विद्यालय पहुंचकर बच्चों को भारत की खदानों, उत्तराखंड के पहाड़ों एवं उत्तराखंड की विभिन्न जनजातियों की जानकारी दी। इस दौरान पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा विषय से संबंधित नाटिकाओं का मंचन भी कराया गया। गतिविधियों के उपरांत अभिभावकों ने अपने विचार साझा करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जमकर सराहना की।

विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों द्वारा भारत की जनजातियों, विभिन्न राज्यों के पारंपरिक परिधान, परिवेश एवं संस्कृति को विद्यालय प्रांगण में सुंदर रूप से प्रस्तुत किया गया। साथ ही, राज्यों के अनुरूप बनाए गए विभिन्न पारंपरिक व्यंजन सभी का मन मोह लेने वाले रहे। कक्षा 1 से 5 के अभिभावकों की शानदार उपस्थिति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए, वहीं कई अभिभावकों ने फैंसी ड्रेस में भी प्रतिभाग किया।

मुख्य अतिथि श्रीमती दीपा वर्मा एवं श्रीमती विद्या कुमारी ने अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा की। प्रतियोगिता में कक्षा 4 के अभिभावक, जिन्होंने कक्षा 3 को पढ़ाया, विजेता घोषित किए गए।

वहीं, कक्षा 6, 7, 8 एवं 9 के विद्यार्थियों को साज-सज्जा, कप-केक बनाना, सिलाई-कढ़ाई जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण बाहरी प्रशिक्षकों द्वारा दिया गया। कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने पुलाव, गाजर का हलवा, पूरी एवं आलू की सब्जी बनाकर उसका आनंद उठाया।

कार्यक्रम ने न केवल विद्यार्थियों के कौशल विकास को बढ़ावा दिया, बल्कि विद्यालय, विद्यार्थी और अभिभावकों के बीच आपसी समन्वय को भी मजबूत किया।

Leave a Comment