अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज की समस्याओं पर संजय पाण्डे ने उठाई आवाज, रेडियोलॉजिस्ट की जल्द होगी व्यवस्था!

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट संजय पाण्डे ने महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा प्रो. आशुतोष सयाना के समक्ष कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इस दौरान रेडियोलॉजिस्ट की कमी, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, सफाई व्यवस्था, एंबुलेंस सेवा, नर्सिंग कॉलेज में फैकल्टी की कमी और मरीजों के साथ व्यवहार जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

महानिदेशक प्रो. आशुतोष सयाना ने मेडिकल कॉलेज के आईसीयू, एनआईसीयू, प्रसूति विभाग, नवनिर्मित भवन और नर्सिंग कॉलेज का निरीक्षण किया। रेडियोलॉजिस्ट की कमी के मुद्दे पर उन्होंने बताया कि इसकी व्यवस्था करवाई जा रही है, जिससे मरीजों को जांच संबंधी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।

संजय पाण्डे ने गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, यूरोलॉजी और न्यूरोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी और देहरादून जैसे शहरों की ओर जाने को मजबूर न होना पड़े, इसके लिए मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त डॉक्टरों और स्टाफ की तैनाती जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज परिसर में कूड़ा मिलने पर संजय पाण्डे ने महानिदेशक को वीडियो दिखाया। इस पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कूड़ा हटाने और शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। संजय पाण्डे ने कहा कि अस्पताल में सफाई केवल निरीक्षण के दिन नहीं, बल्कि रोजाना सुनिश्चित होनी चाहिए।

वहीं, मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ शालीन व्यवहार का मुद्दा उठाए जाने पर महानिदेशक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशीलता और सेवा भाव से पेश आने के निर्देश दिए।

नर्सिंग कॉलेज में फैकल्टी की कमी पर भी चिंता जताई गई। संजय पाण्डे के अनुसार, कॉलेज में मात्र पांच फैकल्टी के भरोसे शिक्षण व्यवस्था संचालित हो रही है। उन्होंने पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई और प्रशिक्षण प्रभावित न हो।

इसके अलावा एंबुलेंस और 108 सेवा की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। संजय पाण्डे ने उम्मीद जताई कि महानिदेशक के निर्देशों के बाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं में स्थायी सुधार होगा और अल्मोड़ा सहित आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. जी.एस. तितियाल, प्रो. अशोक कुमार, डॉ. अनिल पाण्डे, मिशिगन यूनिवर्सिटी के डीन प्रो. आशीष जोशी, नर्सिंग अधीक्षिका डॉ. आशा गंगोला, दीपक जोशी, सामाजिक कार्यकर्ता आशीष जोशी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।







