स्वतंत्रता दिवस पर आंचल की 705 दुग्ध समितियां तिरंगे के रंग में रंगीं

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

705 दुग्ध समितियों में शान से लहराया तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा आंचल दुग्ध संघ

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड में स्वतंत्रता दिवस का 80वां पर्व हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने ध्वजारोहण किया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया।

इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आंचल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुग्ध उपार्जन व्यवस्था को मजबूत करने और आंचल के दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कर्मचारियों के हित में जल्द ही वर्दी वितरित किए जाने की घोषणा भी की।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लालकुआं समेत पर्वतीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आंचल दुग्ध संघ से जुड़ी 705 दुग्ध समितियों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। समितियों के पदाधिकारियों और दुग्ध उत्पादकों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता एवं विकास के प्रति संकल्प लिया।

दुग्ध समितियों के आगामी चुनाव को देखते हुए कार्यक्रमों में आचार संहिता का पालन किया गया और किसी भी प्रकार की चुनाव प्रचार संबंधी गतिविधि नहीं की गई।

कार्यक्रम का संचालन प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। उन्होंने दुग्ध उपार्जन, समितियों से होने वाले संग्रहण और आंचल उत्पादों के विपणन से संबंधित जानकारी साझा करते हुए कर्मचारियों से दुग्ध उत्पादकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा दुग्ध उपार्जन एवं आंचल उत्पादों की बिक्री बढ़ाने का आह्वान किया।

इस दौरान संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, पूर्व संचालक मंडल सदस्य राजेंद्र प्रसाद, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, स्टोर प्रभारी खलील अहमद समेत दुग्ध संघ के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment