रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग पर टेंपो ट्रेवलर खाई में गिरा, एक की मौत, 14 घायल; चालक गिरफ्तार
![]()
नैनीताल। रामगढ़-मुक्तेश्वर मोटर मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। वाहन संख्या UP14 TQ 9690 टेंपो ट्रेवलर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 25 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में चालक समेत कुल 22 लोग सवार थे। दुर्घटना में फरीदाबाद निवासी 24 वर्षीय सुमित पाल सिंह की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में सीओ भवाली रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू टीम ने अब तक 21 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। इनमें 14 गंभीर घायलों को स्थानीय सीएचसी में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया है। वहीं छह यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है। वाहन के भीतर एक व्यक्ति फंसा हुआ था, जिसे निकालने के लिए गैस कटर समेत अन्य उपकरणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

हादसे के बाद टेंपो ट्रेवलर का चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

घायलों में मनीष कुमार (25), नंदिनी (22), तुषार कुमार (21), लक्ष्मी (27), मयंक (17), प्रदीप कुमार (26), रितिका (23), हर्ष वर्मा (26), पायल (22), आनंद (27), अजय (25), अंजलि (22), 10 माह की मिस्टी और यश कुमार (27) शामिल हैं।

सुरक्षित निकाले गए यात्रियों में धर्मेंद्र (24), डॉली (25), अंजलि (23), धीरज (25), अंकित (26) और सोनिया (23) शामिल हैं।

हादसे में सुमित पाल सिंह पुत्र कनक पाल सिंह, उम्र 24 वर्ष, निवासी फरीदाबाद की मृत्यु हुई है। पुलिस और रेस्क्यू टीमें घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।






