निजी विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों का होगा सुरक्षा ऑडिट, 15 दिन में देनी होगी रिपोर्ट
हल्द्वानी, 24 जून। जनपद में संचालित निजी विद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर सभी निजी विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों का संयुक्त निरीक्षण एवं सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा। निरीक्षण के बाद गठित समितियों को 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपनी होगी।

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पूर्व में होटल, गेस्ट हाउस, होम-स्टे, मॉल एवं अन्य सार्वजनिक भवनों के लिए गठित संयुक्त निरीक्षण समितियां अब अपने-अपने क्षेत्राधिकार में संचालित निजी विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों का भी सुरक्षा ऑडिट करेंगी।

निरीक्षण के दौरान संस्थानों की मान्यता, पंजीकरण, फायर एनओसी, भवन की संरचनात्मक सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन उपकरण, आपदा प्रबंधन योजना, आपातकालीन निकास व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, फर्स्ट एड बॉक्स और विद्यालय परिवहन व्यवस्था सहित कुल 19 महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच की जाएगी।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में शैक्षणिक संस्थानों में हुई अग्निकांड और अन्य दुर्घटनाओं को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से व्यापक सुरक्षा मानकों के आधार पर यह विशेष निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने निर्देश दिए हैं कि अधिक छात्र संख्या वाले निजी विद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। निरीक्षण के दौरान संस्थानों को सभी आवश्यक दस्तावेज और अनुमति पत्र उपलब्ध कराने होंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी संस्थान में गंभीर अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो संबंधित अधिनियमों और नियमों के तहत विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। वहीं, सामान्य कमियों के लिए सुधारात्मक निर्देश जारी किए जाएंगे।

उन्होंने सभी गठित समितियों को निर्देशित किया है कि निरीक्षण पूरा होने के बाद 15 दिवस के भीतर विस्तृत संयुक्त आख्या जिला प्रशासन को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।






