हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर नैनीताल में भव्य कार्यक्रम, दुग्ध उत्पादकों को किट व प्रोत्साहन राशि वितरित

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

नैनीताल/लालकुआं, संवाददाता।
नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं द्वारा हिमालय पुत्र महान स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों और जनसेवा के प्रति समर्पण को याद किया गया। वक्ताओं ने बहुगुणा को महान जननायक बताते हुए देश और प्रदेश के विकास में उनके योगदान को सराहा।


कार्यक्रम का आयोजन दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में नैनीताल क्लब में भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या, भीमताल ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, मंडी परिषद सलाहकार मनोज जोशी, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत एवं मुकेश बोरा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।


इस अवसर पर अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के तहत जिला योजना अंतर्गत स्वच्छ दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 3500 किटों का वितरण किया गया। साथ ही दुग्ध उपार्जन एवं विपणन को लेकर जनजागरूकता गोष्ठी आयोजित कर दुग्ध उत्पादकों को आवश्यक जानकारी दी गई।


कार्यक्रम में 78 लाभार्थियों को कुल 1 लाख 17 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए गए तथा विभिन्न पर्वतीय क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित किया गया। जयंती के अवसर पर बहुगुणा के जीवन और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।


मुख्य अतिथि सरिता आर्या ने दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को जंगली जानवरों से पशुओं की सुरक्षा को लेकर जागरूक किया और सतर्क रहने की अपील की। वहीं मुकेश बोरा ने अपने संबोधन में बताया कि पिछले 18 माह में दूध के मूल्य में 13 रुपये की वृद्धि की गई है, जिसके लिए उन्होंने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डेयरी क्षेत्र को मजबूत किया जा रहा है। साइलेज अनुदान को 30 करोड़ से बढ़ाकर 40 करोड़ तथा दुग्ध प्रोत्साहन राशि को 30 करोड़ से बढ़ाकर 35 करोड़ किए जाने से दुग्ध उत्पादकों में खुशी है और इससे उनकी आय में वृद्धि होगी।

मुकेश बोरा ने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके आदर्श आज भी मार्गदर्शक हैं। उन्होंने स्वच्छ दूध उत्पादन को बढ़ावा देने तथा आंचल ब्रांड को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।


कार्यक्रम का संचालन प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस मौके पर दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment