हल्द्वानी में आयोजित एक अहम बैठक में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकारों के हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल हैं।

शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित बैठक में अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी ने मीडिया कर्मियों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। उन्होंने कहा कि पत्रकार मान्यता नवीनीकरण में आ रही दिक्कतों को विभाग ने गंभीरता से लिया है और इसके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि मृतक पत्रकारों के आश्रितों को आर्थिक सहायता से जुड़े सभी लंबित मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। वहीं, जिन पत्रकारों को पत्रकार कल्याण कोष से सहायता नहीं मिल पा रही है, उन्हें मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए संबंधित पत्रकारों को जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से प्रस्ताव भेजना होगा।

अपर निदेशक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार पत्रकारों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है और बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों का जल्द समाधान विभागीय और शासन स्तर पर किया जाएगा।
बैठक के दौरान पत्रकारों ने चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, मान्यता प्रक्रिया में स्थिरता, कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा, राज्य अतिथि गृहों में त्वरित आरक्षण, बच्चों को उच्च शिक्षा में आरक्षण, रेलवे आरक्षण की बहाली, टोल प्लाजा में छूट और जिला पत्रकार स्थायी समिति में सभी क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दे उठाए।

अपर निदेशक ने आश्वासन दिया कि सूचना विभाग से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा, जबकि अन्य विभागों से जुड़े मामलों के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत कुमाऊं द्वार, हल्द्वानी में आधुनिक मीडिया सेंटर की स्थापना का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
बैठक का संचालन जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी ने किया। इस अवसर पर सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और विभागीय कर्मचारी मौजूद








