पंतनगर। कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर में शनिवार को 119वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया तथा विश्वविद्यालय साहित्य का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता और देश के असली नायक हैं। किसानों की मेहनत और समर्पण से ही देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है और हर घर तक अन्न पहुंचता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कृषि मेले किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं, जहां उन्हें नई तकनीकों और नवाचारों की जानकारी मिलती है तथा वैज्ञानिकों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के 10 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिल रहा है, जबकि उत्तराखंड के 9 लाख से अधिक किसान इस योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री द्वारा इसकी 22वीं किस्त जारी की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कृषि को जंगली जानवरों से बचाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा 25 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की गई है, जिससे खेतों की घेरबाड़ की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए पॉलीहाउस, एरोमा वैली और ड्रैगन फ्रूट की खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि राज्य में पॉलीहाउस योजना के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है और अब तक 115 करोड़ की लागत से 350 पॉलीहाउस स्थापित किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों के लिए विशेष योजनाएं लागू की जा रही हैं। राज्य में 1200 करोड़ की लागत से नई सेब नीति लागू की गई है और कई योजनाओं में किसानों को 80 प्रतिशत तक राज्य सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में मशरूम उत्पादन 27 हजार मीट्रिक टन तक पहुंच गया है और इस क्षेत्र में उत्तराखंड देश में पांचवें स्थान पर है। वहीं मधुमक्खी पालन और शहद उत्पादन की भी अपार संभावनाएं हैं, जहां राज्य में 3300 मीट्रिक टन शहद उत्पादन हो रहा है और उत्तराखंड देश में आठवें स्थान पर है।

पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने बताया कि इस वर्ष कृषि मेले में 350 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं और प्रतिदिन लगभग 20 हजार लोग मेले में भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक तिलक राज बेहड़, मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।







