हल्द्वानी | 07 फरवरी 2026 (
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को सम्भागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) हल्द्वानी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय व्यवस्था, कार्यप्रणाली एवं आमजन से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आरटीओ कार्यालय में कोई भी एजेंट अधिकृत नहीं है। यदि कोई व्यक्ति एजेंट के रूप में कार्य करता पाया गया तो उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आरटीओ कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, नवीनीकरण एवं अन्य मोटर वाहन संबंधी कार्य सीधे आमजन से जुड़े होते हैं। ऐसे में इन कार्यों में बाहरी व्यक्तियों की संलिप्तता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान बाहरी व्यक्तियों की मौजूदगी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि भविष्य में आरटीओ कार्यालय के सभी कर्मचारी ड्रेस कोड में उपस्थित होंगे, उनके पास नेम प्लेट एवं पहचान पत्र (आई-कार्ड) होना अनिवार्य होगा। साथ ही जिस पटल पर कर्मचारी कार्यरत हैं, उस पटल पर भी नेम प्लेट लगाई जाएगी, जिससे कार्यालय में आने वाले नागरिकों को सही जानकारी एवं सुविधा मिल सके।
उन्होंने आरटीओ को कार्यालय की नियमित मॉनिटरिंग एवं चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे पूर्णतः चालू अवस्था में हों तथा शिकायत पेटी उपलब्ध हो। जो लोग शीघ्र कार्य कराने का दावा कर नागरिकों को गुमराह करते हैं, उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि आरटीओ कार्यालय के मुख्य द्वार पर एक फ्लेक्सी लगाई जाए, जिसमें स्पष्ट रूप से अंकित हो कि इस कार्यालय में सरकार द्वारा कोई भी एजेंट अधिकृत नहीं है तथा सभी नागरिक सेवाएं निर्धारित शुल्क एवं समयबद्ध प्रक्रिया के अंतर्गत प्रदान की जाती हैं।
इस अवसर पर सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन अरविंद पाण्डे, प्रशासनिक अधिकारी गुरुदेव सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







