जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्रों के सभी लंबित मामले निस्तारित, जनपद में लंबित प्रकरण शून्य

जनपद में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े लंबित प्रकरणों को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गंभीरता से लेते हुए सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों, पंजीकरण अधिकारियों, रजिस्ट्रार एवं स्थानीय निकायों को कड़े निर्देश दिए थे। निर्देशों में स्पष्ट कहा गया था कि आमजन के आवेदनों का त्वरित निस्तारण कर समय से प्रमाण पत्र जारी किए जाएं, ताकि लोगों को सरकारी रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी निकायों एवं विकास खंडों में जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर दिया गया है। वर्तमान में जनपद में लंबित मामलों की संख्या शून्य हो गई है।

आंकड़ों के अनुसार, माह दिसंबर में जनपद में मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए कुल 272 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें सभी आवेदकों को मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए हैं। वहीं जन्म प्रमाण पत्र के लिए 436 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिन्हें भी पूर्ण रूप से निस्तारित कर प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और सरकारी सेवाओं का लाभ लोगों को समय पर उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।







