बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में 10 दिसंबर 2025 को आने वाले संभावित फैसले को देखते हुए नैनीताल पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गई है। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए आज SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और जमीनी स्तर पर कड़े सुरक्षा इंतज़ाम करने के निर्देश दिए।

मीटिंग में दिए गए प्रमुख निर्देश:
प्रभावित क्षेत्र की संपूर्ण बैरिकेटिंग की जाएगी।
बनभूलपुरा के कोर क्षेत्र में केवल स्थानीय आईडी वालों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
बनभूलपुरा व हल्द्वानी क्षेत्र में BDS की टीम द्वारा सघन चेकिंग शुरू।
संभावित उपद्रवियों पर मुचलका पाबंद की कार्रवाई।
पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग व सख्त कार्रवाई।
09 दिसंबर को बनभूलपुरा क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला जाएगा।
ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने और डायवर्जन प्लान समय से जारी करने के निर्देश।
SSP मंजुनाथ टीसी ने साफ कहा कि कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर भी सख्त निगरानी
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर भी उनकी पैनी नजर है। भ्रामक सूचना, अफवाह या भड़काऊ संदेश फैलाने वालों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक क्राइम/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक दूरसंचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।







