हल्द्वानी में 182 परिवारों को बड़ी सौगात, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत खाते में पहुंची दूसरी किश्त
हल्द्वानी, 30 अक्टूबर 2026।
हल्द्वानी के शहरी गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत नगर निगम हल्द्वानी के 182 लाभार्थियों के बैंक खातों में दूसरी किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की धनराशि ऑनलाइन हस्तांतरित की गई।

नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई।

इस मौके पर मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि जिन लाभार्थियों ने पहली किश्त की धनराशि का निर्धारित मानकों के अनुसार सदुपयोग किया है, उन्हें निर्माण कार्य आगे बढ़ाने के लिए दूसरी किश्त जारी की गई है। सरकार का उद्देश्य हर पात्र परिवार को सम्मानजनक, सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराना है।

मेयर ने लाभार्थियों से अपील की कि वे मिली हुई धनराशि का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार करें और समयबद्ध तरीके से अपने आवास का निर्माण पूरा करें।

उन्होंने कहा कि योजना की सहायता राशि किसी बिचौलिए या स्थानीय निकाय के माध्यम से नहीं, बल्कि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है।

कार्यक्रम में सामाजिक विकास अधिकारी सुरेश अधिकारी, सहायक अभियंता नवल नौटियाल, पार्षद सचिन, रवि जोशी सहित योजना के लाभार्थी मौजूद रहे।
रॉयल न्यूज़ उत्तराखंड को फॉलो करना ना भूले।






