हल्द्वानी: छात्रों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस का बड़ा अभियान, सुमित हृदयेश ने सरकार पर साधा निशाना

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

हल्द्वानी में कांग्रेस का ‘छात्रों की गूँज’ अभियान, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर सरकार को घेरा

हल्द्वानी, 26 जून। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे ‘छात्रों की गूँज’ अभियान के तहत शुक्रवार को स्वराज आश्रम, हल्द्वानी में महानगर कांग्रेस कमेटी ने कोटा (राजस्थान) में राहुल गांधी द्वारा विद्यार्थियों के साथ किए गए संवाद का डिजिटल प्रेजेंटेशन प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में NEET और JEE अभ्यर्थियों ने भाग लेकर शिक्षा, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक और निजीकरण जैसे मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के बाद विधायक सुमित हृदयेश और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर अभियान के उद्देश्य बताए। सुमित हृदयेश ने कहा कि देश का छात्र केवल परीक्षा नहीं, बल्कि भ्रष्ट व्यवस्था से संघर्ष कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक, भर्ती घोटालों और रिक्त पदों पर नियुक्तियों में देरी से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पारदर्शी भर्ती, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सम्मानजनक रोजगार के लिए संघर्ष जारी रखेगी। साथ ही छात्रों से किसी भी परिस्थिति में आत्महत्या जैसा कदम न उठाने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस हर छात्र के साथ खड़ी है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि “छात्रों की गूँज” अभियान युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सहित देशभर में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है और कांग्रेस निष्पक्ष परीक्षा, समयबद्ध भर्ती तथा समान अवसर की मांग को लगातार उठाती रहेगी।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र-युवा मौजूद रहे।

Leave a Comment