
हल्द्वानी/नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार द्वारा कौशल विकास एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं को लगातार मजबूती मिल रही है। इसी क्रम में आरसेटी कुंवरपुर, हल्द्वानी (जनपद नैनीताल) में आयोजित 31 दिवसीय टेलर-वूमेन गारमेंट्स (महिला वस्त्र निर्माण) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद नैनीताल के विभिन्न ब्लॉकों एवं क्षेत्रों से कुल 33 युवक-युवतियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को महिला वस्त्र निर्माण से संबंधित तकनीकी दक्षताओं के साथ-साथ स्वरोजगार स्थापित करने एवं सफल उद्यमी बनने के लिए आवश्यक व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल ने प्रशिक्षुओं से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए परिधानों की प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उनके कार्य की सराहना की और उन्हें इस कौशल को स्वरोजगार के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने संस्थान को निर्देशित किया कि सभी प्रशिक्षणार्थियों का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार स्थापित करने में आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्राप्त हो सके।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आत्मविश्वास विकास, सकारात्मक सोच, सफल उद्यमिता के गुण तथा सफल उद्यमियों से संवाद के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त बैंकिंग एवं वित्तीय साक्षरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां देकर उन्हें भविष्य में अपना व्यवसाय सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए तैयार किया गया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कौशल विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है। इससे युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे तथा वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगे।






