भीमताल की बदहाल सड़कों पर फिर गरजे हरीश पनेरू, एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

हल्द्वानी, 9 जून। भीमताल क्षेत्र की जर्जर सड़कों और वर्षों से लंबित सड़क परियोजनाओं को लेकर प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने मंगलवार को हल्द्वानी स्थित सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई।


धरने को संबोधित करते हुए हरीश पनेरू ने कहा कि भीमताल क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कें लंबे समय से उपेक्षा का शिकार हैं। सड़कें बदहाल होने के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों तथा आम जनता को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और संबंधित विभागों की उदासीनता के कारण विकास कार्य ठप पड़े हैं।


पनेरू ने विशेष रूप से सजानी-बड़ोन मोटर मार्ग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह सड़क मुख्यमंत्री की घोषणाओं में शामिल होने के बावजूद अब तक स्वीकृत नहीं हो सकी है। इसके अतिरिक्त डालकनिया-भोलापुर मोटर मार्ग, करायल-टकुरा-जमराड़ी मोटर मार्ग, भीमताल-भालूगाड़ मोटर मार्ग तथा पदमपुरी-चाफी मोटर मार्ग की दयनीय स्थिति पर भी उन्होंने चिंता व्यक्त की।


उन्होंने मांग की कि इन सभी सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।


धरने के दौरान हरीश पनेरू ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर संबंधित विभागों द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर उग्र आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर सुशील भट्ट, मेहुल शाह, ललित चिलवाल, प्रकाश आर्या, महेंद्र धोपाल, बसंत पनेरू, राम सिंह चिलवाल, गोकुल मेलकानी, प्रबल धरमवाल, हर्ष शर्मा, मयंक बचखेती, बालम चिलवाल, नरेंद्र पनेरू, कैलाश विष्ट, खिमेश पनेरू, केशव बिष्ट, हिमांशु पलड़िया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment