एक पेड़ मां के नाम’ अभियान: दरगाह और राजकीय इंटर कॉलेज में हुआ भव्य वृक्षारोपण | विश्व पर्यावरण दिवस 2026

हल्द्वानी, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम दरगाह जलाल शाह मस्तान शाह बाबा परिसर तथा राजकीय इंटर कॉलेज, इंदिरा नगर, बनभूलपुरा में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष इसरार हुसैन, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड सह-संयोजक जहीर अंसारी, कुमाऊं संयोजक महबूब अली, जिला मंत्री शानू खान, अल्पसंख्यक मोर्चा हल्द्वानी मंडल अध्यक्ष अनवर अली खान, राजा कमाल और मोहम्मद इलियास सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

इस दौरान अतिथियों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं और वर्तमान समय में बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग तथा पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हमारी जिम्मेदारी भी है।

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया तथा सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।
रिपोर्ट: रॉयल न्यूज़ उत्तराखंड
हल्द्वानी






