पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस की तैयारी, शटल सेवा से होगा मंदिर दर्शन

जनपद नैनीताल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम सहित भवाली और भीमताल क्षेत्र में वीकेंड के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था प्रत्येक शनिवार और रविवार को प्रभावी रहेगी।
पुलिस द्वारा जारी प्लान के अनुसार, अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी की ओर आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट किया जाएगा। इन वाहनों को रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से होते हुए हल्द्वानी भेजा जाएगा।

वहीं आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों को छूट दी गई है। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले जरूरी वाहन अपने निर्धारित मार्ग से जा सकेंगे, जबकि अन्य भारी वाहनों को भीड़ की स्थिति के अनुसार भवाली मस्जिद तिराहा से रोका जाएगा या वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।

भीमताल मार्ग से आने वाले पर्यटकों को अपने निजी वाहन भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क करने होंगे, जहां से उन्हें शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा।
इसी प्रकार नैनीताल और गेठिया की ओर से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से भी श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा की व्यवस्था की गई है।

पुलिस प्रशासन ने सभी पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक प्लान का पालन करें और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक हो सके।







