
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पोर्टल (CM Portal) पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर नैनीताल पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
दिनांक 26 मार्च 2026 को बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न अधिकारियों ने भौतिक रूप से तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान SSP ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी मामलों में पूर्ण एवं सही डॉक्यूमेंटेशन करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए और आवश्यक फीडबैक भी लिया जाए। SSP ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को यह भी कहा गया कि पोर्टल पर अपलोड की जाने वाली रिपोर्ट स्पष्ट, तथ्यात्मक और संतोषजनक होनी चाहिए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नैनीताल पुलिस द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।







