हल्द्वानी स्थित चंदन हॉस्पिटल में उपचार के नाम पर अवैध वसूली, चिकित्सा में लापरवाही, आर्थिक शोषण और कुप्रबंधन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मामले की जांच के लिए एक समिति का गठन किया है।

जिलाधिकारी द्वारा गठित इस जांच समिति में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी और अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को सदस्य नामित किया गया है। समिति को अस्पताल में ली जा रही फीस, उपचार व्यवस्था और निर्धारित स्वास्थ्य मानकों की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने अपील की है कि जिन लोगों के पास इस मामले से संबंधित कोई जानकारी, बयान या साक्ष्य हों, वे इस विज्ञप्ति के प्रकाशन के 07 दिनों के भीतर अपना मौखिक या लिखित बयान जांच समिति के किसी भी अधिकारी के कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस पर प्रस्तुत कर सकते हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।







