नैनीताल। जनपद नैनीताल में महिला पर्यटक से दुष्कर्म के प्रयास और लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी टैक्सी चालक को महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार दिनांक 05 मार्च 2026 को एक महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची। हल्द्वानी से वह ऑटो के माध्यम से काठगोदाम आई और वहां से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराये पर ली।
रात में वह काठगोदाम से नैनीताल के लिए रवाना हुई।
रात्रि करीब 01:30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाधांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। महिला द्वारा विरोध करने पर चालक ने गाड़ी रोककर उसके साथ बदतमीजी और मारपीट की तथा दुष्कर्म का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी ने महिला का मोबाइल फोन भी छीन लिया ताकि वह किसी को सूचना न दे सके।

06 मार्च की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम से निरीक्षण कराया और साक्ष्य जुटाए।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना तल्लीताल में मुकदमा अपराध संख्या 11/2026 धारा 64/309(6)/137 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, वाहन संख्या UK04TB 5500 (वैगनार) और जीपीएस सिस्टम की मदद से जांच करते हुए आरोपी को पाइन्स-भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह बोरा (39 वर्ष) पुत्र नंदन सिंह बोरा, निवासी गुजरीड़ा फतेहपुर थाना मुखानी, नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का Vivo Y100 मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में ले लिया है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि नैनीताल में महिलाओं और पर्यटकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







