क्रिसमस, थर्टी फर्स्ट व नव वर्ष पर यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद, SSP नैनीताल ने की अहम गोष्ठी

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

नैनीताल।
क्रिसमस, थर्टी फर्स्ट एवं नव वर्ष के अवसर पर नैनीताल जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु, सरल एवं निर्बाध बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. द्वारा बुधवार को एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया।

गोष्ठी में एसपी यातायात/क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, एसपी संचार रेवधर मठपाल, सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना–चौकी प्रभारी एवं यातायात प्रभारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में आगामी त्योहारी सीजन के दौरान यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा कर कई अहम निर्णय लिए गए।

रूट स्टीकर व्यवस्था होगी लागू
एसएसपी नैनीताल ने बताया कि जनपद के बॉर्डर पर ही वाहनों का रूट निर्धारित कर अलग–अलग रंगों के रूट स्टीकर लगाए जाएंगे। वाहन अपने निर्धारित रूट पर ही संचालित होंगे, जिससे जाम की स्थिति से बचा जा सके।

22 दिसंबर से लागू होगा डायवर्जन प्लान
22 दिसंबर 2025 की रात्रि से ही यातायात पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। हल्द्वानी, लालकुआं, भवाली एवं रामनगर से डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। सभी प्रमुख प्वाइंट व बैरियर पर उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे।

शटल सेवा से मिलेगी राहत
नैनीताल में पार्किंग फुल होने से पहले ही शटल सेवा शुरू कर दी जाएगी। वहीं, कैंची धाम क्षेत्र में यातायात दबाव कम करने के लिए भवाली सेनिटोरियम से शटल सेवा संचालित की जाएगी।

बैरियरों पर अतिरिक्त पुलिस बल
गडप्पू बैरियर सहित जनपद के सभी प्रमुख बैरियरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। नैनीताल तिराहा नया गांव, लालकुआं, सुभाषनगर बैरियर, तीनपानी, कुवरपुर-चोरगलिया, भीमताल तिराहा, रूसी सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

पर्यटकों की सुविधा सर्वोपरि
एसएसपी नैनीताल ने निर्देश दिए कि मोबाइल पार्टियों की तैनाती कर लगातार रूट पेट्रोलिंग की जाए। साथ ही डायवर्जन प्लान, पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवा एवं बैरियर सूची का समय से व्यापक प्रचार–प्रसार सुनिश्चित किया जाए।

 

एसएसपी ने कहा
“हमारा उद्देश्य पर्यटकों एवं आमजनमानस को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यातायात सुविधा प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने गंतव्य तक पहुँच सकें।”

गोष्ठी में सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ रामनगर सुमित कुमार पांडे, सीओ नैनीताल रविकांत सेमवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment